
चंडीगढ़: भारत के फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह के जीवन पर बनी फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ शुक्रवार को रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर लोगों के क्रेज का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई दिन पहले ही टिकटों ऑनलाइन बुकिंग हो गई थी। फिल्म में इसका ख्याल रखा गया था कि मिल्खा के जीवन से जुड़ी घटनाओं को मूलरूप में शामिल किया जाए।
फिल्म में दिव्या दत्ता ने उनकी बड़ी बहन इसरी कौर का रोल निभाया है। फिल्म से जुड़े पहलुओं के बारे में फिल्म निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर ने ‘पंजाब केसरी’ कार्यालय में चर्चा की।
जुनून और जज्बे को बयां करती है फिल्म
फिल्म निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने कहा कि यह फिल्म इंसान के जुनून और जज्बे को बयान करती है। फरहान को हर उस चीज की ट्रेनिंग दी गई जो एक एथलीट को ट्रेंड बनाने के लिए जरूरी होती है। उन्होंने बताया कि फरहान को रोजाना मैदान में 6 घंटे की ट्रेनिंग के बाद जिम जाना होता था। एल्टीट्यूड ट्रेनिंग कुछ एथलीट्स द्वारा ली जाती है।
फरहान अख्तर के पेट पर एक टायर बांध दिया गया था और इसके साथ उन्हें करीब 16 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़ लगानी पड़ी। 3 माह चलने वाली कठोर ट्रेनिंग में से एक माह की ट्रेनिंग फरहान ने लद्दाख में की है।
किरदार में खुद को ढूंढना पड़ता है : फरहान
इस तरह की भूमिका करने के लिए आपको उस किरदार की व्याख्या करनी पड़ती है। आपको खुद को वह किरदार बनना पड़ता है और आप खुद वह इंसान बनने लगते हैं। फरहान ने कहा, ‘इस किरदार को करना बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती थी। इसे मुश्किल या आसान कहना मुमकिन नहीं होगा क्योंकि जब आप किसी चीज को लेकर रोमांचित होते हैं तो फिर चाहे वह कितना भी मुश्किल क्यों न हो, वह आसान और मजेदार लगता है। फरहान ने कहा कि अपने शरीर पर पिछले डेढ़ वर्ष मेहनत कर रहे थे ताकि वे एथलीट नजर आएं। वे रोजाना फिजीकल ट्रेनिंग लेते हैं ।
भाई बहन की गहराई दिखाई
दिव्या दत्ता ने कहा कि दर्शक लंबे अंतराल के बाद पर्दे पर भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को देख पाएंगे। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान फरहान के चेहरे पर प्रेमभरी एक नजर ही मुझमें बड़ी बहन के अहसास को जगा देती थी। फिल्म के दौरान मुझे लगा कि मैं भी मिल्खा की लाइफ का हिस्सा बन चुकी हूं।
