
मंडी। मांगों को लेकर हिमाचल ग्रामीण बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी संघ और प्रबंधन के बीच वार्ता बेनतीजा रही। जिससे संघ ने 15 जुलाई को प्रदेश भर की सभी 188 शाखाओं में प्रदर्शन करने के निर्णय को यथावत रखा है। आरोप है कि प्रबंधन का कर्मचारियों और अधिकारियों की मांगों के प्रति सकारात्मक रवैया नहीं है। विभिन्न मांगों को लेकर हिमाचल ग्रामीण बैंक कर्मचारी और अधिकारी संघ एक जुलाई से काले बिल्ले लगा कर प्रबंधन के खिलाफ रोष प्रकट कर रहा है। वीरवार को संघ के पदाधिकारियों व प्रबंधन के बीच मांगों को लेकर वार्ता हुई, लेकिन मांगों पर सहमति न बनने से वार्ता बेनतीजा रही। बैठक में बैंक प्रबंधन की ओर से चेयरमैन एसके शर्मा, महाप्रबंधक एमएस चौहान के अलावा हिमाचल ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ के अध्यक्ष पीपी गुप्ता, महासचिव ओम प्रकाश शर्मा, कर्मचारी संघ के महासचिव जीत कुमार सोनी, जोगिंद्र धीमान मौजूद रहे। संघ के पदाधिकारियों ने बैंक प्रबंधन से आग्रह किया जो मांगें उनके अधिकार क्षेत्र में है। उन्हें शीघ्र लागू किया जाए।
