पालमपुर से भागा, मारंडा में धरा

पालमपुर (कांगड़ा)। पुलिस की गिरफ्त से फरार हुए चोरी के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। वीरवार को चोरी का यह आरोपी पुलिस की चंगुल से पालमपुर से भाग गया था। लेकिन पुलिस ने शुक्रवार सुबह मारंडा के पास इसे पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार चोरी के आरोप में पकड़े गए आरोपी ओमप्रकाश उर्फ सोनू को धर्मशाला से पुलिस बैजनाथ न्यायालय में पेश करने ले गई थी। लेकिन बैजनाथ से आती बार यह चोर पुलिस को चकमा देकर पालमपुर से फरार हो गया था। इसके फरार होते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर दी थी। पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि फरार आरोपी मारंडा के आसपास है। इस पर पालमपुर पुलिस ने दबिश देकर उसे शुक्रवार सुबह मारंडा में दबोच लिया। सूत्र बताते हैं कि इस चोर को पकड़ने में कई स्थानीयलोगों का भी सहयोग रहा है। इसमें पुलिस विभाग में कार्यरत ठाकुरद्वारा निवासी मनोज सूद की भी अहम भूमिका बताई गई है। गौरतलब है कि पालमपुर पुलिस ने इस आरोपी को कुछ माह पहले चोरी के आरोप में बिंद्रावन में पकड़ा था। जो इन दिनों धर्मशाला जेल में था।
उधर, थाना प्रभारी सरवन सिंह ने कहा कि पुलिस ने वीरवार को पुलिस गिरफ्त से फरार हुए आरोपी ओमप्रकाश को पकड़ लिया है। इसके खिलाफ 224 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इसे न्यायालय में पेश करेगी।

Related posts