
कुल्लू। पलचान से रोहतांग तक रोप वे किसी भी कीमत पर नहीं बनने देंगे। यह कहना है मनाली के विधायक गोविंद ठाकुर का। पत्रकारों से बातचीत में गोविंद ठाकुर ने कहा कि पलचान से रोहतांग के लिए रोप वे बनने से हजारों युवाओं का रोजगार छिन जाएगा। गोविंद ठाकुर ने कहा कि तीन साल बाद रोहतांग टनल बनने से रोहतांग में ट्रैफिक अपने आप कम हो जाएगा। इस कारण रोहतांग के प्राकृतिक सौंदर्य से छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि पलचान से भृगु के लिए रोप वे बनाया जाए। इससे मनाली आने वाले पर्यटकों को एक और पर्यटक स्थल मिलेगा। रोहतांग की ऊंचाई 13050 फुट है। भृगु की ऊंचाई 14500 फुट है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव में लोगों को रोप वे न बनाने का आश्वास दिया था लेकिन उपचुनाव के बाद इसे कैबिनेट में मंजूरी दे दी। गोविंद ठाकुर ने कहा कि रोहतांग रोप वे का सर्वे 2009 में हुआ था लेकिन उन्होंने उस समय भी इसका विरोध किया था। गोविंद ठाकुर ने कहा कि रोहतांग में चार साल पुराने वाहन न जाने वाले मामले में कांग्रेस सरकार ने स्थानीय लोगों का पक्ष सही तरीके से नहीं रखा। गोविंद ठाकुर ने बताया कि इस मामले को लेकर मनाली के टैक्सी आपरेटरों ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि स्की विलेज के नाम पर भी कांग्रेस ने प्रदेश का बेचने का प्रयास किया है।
