
ऊना। क्षेत्र के दुलैहड़ में बीते दिनों हुई खूनी वारदात में महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात में हमलावरों ने महिला पर दराट से वार किया जिससे महिला की टांग पर सात टांके लगे हैं जो अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। शुक्रवार को पीड़ित महिला के पति दलजीत सिंह निवासी दुलैहड़ ने पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा को शिकायत पत्र सौंप कर हरोली पुलिस पर भेदभाव करने का आरोप लगाया।
दलजीत ने बताया कि 9 जुलाई की शाम 5 बजे गांव के तीन लोगों ने घर में घुसकर उसकी पत्नी आशा देवी और बेटी रेखा देवी से मारपीट की। इसकी एफआईआर 8 जुलाई को ही साढ़े छह बजे हरोली थाना में करवा दी थी लेकिन पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की रात को ही एक बार फिर तीनों ने मिलकर उसकी पत्नी और बेटी से दराट से हमला किया जिससे उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे घायलावस्था में 108 के माध्यम से हरोली लाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया जहां उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है। दलजीत ने लिखित शिकायत में बताया कि हरोली पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। उल्टा पुलिस कर्मी उन्हें धमका रहे हैं। उन्होंने हरोली एसएचओ पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप जड़ा। शिकायतकर्ता ने एसपी को बताया कि उन्हें और उसके परिवार को जान का खतरा है। हरोली एसएचओ के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर एसपी खुशहाल शर्मा ने कहा कि शिकायत पत्र उनके पास पहुंचा है। मामले की निष्पक्षता से जांच की जाएगी। आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
