
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के दौरान बच्चा बदले जाने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने उपायुक्त अभिषेक जैन, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा और सीएमओ डॉ. जीआर कौशल को शिकायत पत्र सौंप कर मामले की छानबीन किए जाने की मांग की है। क्षेत्र के कुठार कलां निवासी अशोक कुमार पुत्र मेला राम की शिकायत आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. कौशल ने विभागीय जांच बिठा दी है। वहीं डीएसपी शर्मा ने भी इस मामले की संजीदगी और निष्पक्षता से छानबीन करने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक कुमार ने उपायुक्त अभिषेक जैन, एसपी खुशहाल शर्मा और सीएमओ जीआर कौशल को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने और बच्चे का डीएनए टेस्ट कराने की भी मांग उठाई है। उधर, शिकायत मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने 11 जुलाई को अस्पताल में हुई प्रसूतियों का रिकार्ड मंगवाकर जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसएमओ डॉ. अशोक दड़ोच को जांच का जिम्मा सौंपा है।
शुक्रवार को कुठारकलां निवासी अशोक कुमार ने उपायुक्त को सौंपे शिकायत पत्र में अस्पताल में उनकी पत्नी की प्रसूति के बाद उनका बच्चा बदलने का आरोप लगाया है। अशोक कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी सिमरन देवी 9 जुलाई को क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के लिए दाखिल हुई थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने 10 जुलाई को आपरेशन से उनकी प्रसूति करवाई। प्रसूति के बाद ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने सिमरन को बेटा होने पर बधाई देते हुए नवजात शिशु भी सौंपा जिस पर उन्होंने हेल्थ वर्कर को बधाई के रुप में शगुन भी दिया लेकिन कुछ समय बाद ड्यूटी पर तैनात हेल्थ कर्मी सिमरन के पास आई और कहने लगी कि आपके बेटी हुई है। इसके बाद हेल्थ कर्मी उक्त महिला से नवजात शिशु लड़के को वापिस लेकर नवजात लड़की को दे गई। महिला के पति ने बताया कि यह बात उनके गले नहीं उतर रही कि उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया है। वहीं इस संबंध में सीएमओ डॉ. जीआर कौशल ने कहा कि बच्चा बदलने के आरोपों के मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा और मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि महिला के पति की तरफ से शिकायत पत्र मिला है। पुलिस मामले की जांच करेगी और बच्चे का डीएनए भी करवाया जाएगा।
