उच्चशिक्षा के छात्र-छात्राओं को सरकार देगी एक-एक हजार

हल्द्वानी। प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पढ़ने में आर्थिक मदद के रूप में सरकार एक-एक हजार रुपये देगी। सरकार की इस योजना से करीब 21,206 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इसकी सूची उच्चशिक्षा निदेशालय ने शासन को भेज दी है।
पिछले माह गढ़वाल मंडल में आई दैवीय आपदा की वजह से तमाम परिवार उजड़ गए हैं, जबकि कुमाऊं मंडल का पिथौरागढ़ जिला भी आपदा के कहर से कराह रहा है, इसमें राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी काफी प्रभावित हुए हैं। शासन ने उच्चशिक्षा में अध्ययनरत आपदा प्रभावित राजकीय डिग्री कालेजों के छात्र-छात्राओं को सांकेतिक सहायता के रूप में एक-एक हजार रुपये देने का फैसला किया है। इस संबंध में उच्चशिक्षा निदेशालय से आपदा प्रभावित राजकीय महाविद्यालयों और उनमें अध्ययनरत विद्यार्थियों की सूची मांगी गई है। उच्चशिक्षा निदेशक डा. मुकुल पंत ने बताया कि दैवीय आपदा से प्रभावित 17 राजकीय महाविद्यालय हैं, जिनमें करीब 21,206 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सूची प्रमुख सचिव उच्चशिक्षा को भेज दी गई है। सहायता राशि महाविद्यालयों से विद्यार्थियों को वितरित की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय पिथौरागढ़ के 6256, बलुवाकोट कालेज के 629, मुनस्यारी कालेज के 456, गोपेश्वर कालेज के 3279, जोशीमठ कालेज के 317, तलवाड़ी कालेज के 390, विधि महाविद्यालय गोपेश्वर के 50, कर्णप्रयाग कालेज के 1805, अगस्त्यमुनि कालेज के 3260, रुद्रप्रयाग कालेज के 36, गुप्तकाशी कालेज के 10, उत्तरकाशी कालेज के 3324, बड़कोट कालेज के 539, पुरौला कालेज के 116, देवप्रयाग कालेज के 194, नैनबाग कालेज के 305 और लम्बगांव महाविद्यालय के 237 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

Related posts