अब छह अगस्त से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं

हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय की पीजी कक्षाओं की 20 जुलाई से प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित हो गई हैं। अब यह परीक्षाएं छह अगस्त से प्रारंभ होंगी। सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय ने नेट पर जारी कर दिया है।
मालूम हो कि कुमाऊं विश्वविद्यालय का बीएड पाठ्यक्रम एक वर्ष पीछे चल रहा है। वर्ष 2011-12 सत्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं 17 जुलाई से प्रारंभ हो रही है। कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं जिन्होंने बीएड के 2011-12 सत्र में एडमीशन के साथ ही वर्ष 2012-13 में पीजी में सेमेस्टर में भी प्रवेश ले रखा है। बीएड और सेमेस्टर की परीक्षाएं एक साथ शुरू होने के कारण विद्यार्थी दुविधा में फंसे थे। विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एचएस धामी ने बताया कि बीएड और सेमेस्टर की परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थी उनसे मिले थे और दोनों परीक्षाओं में कुछ समय देने की मांग की थी। विद्यार्थियों के हित को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड परीक्षाओं के बाद सेमेस्टर परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बीएड की परीक्षाएं पांच अगस्त को समाप्त होने के बाद छह अगस्त से चतुर्थ सेमेस्टर और सात अगस्त से द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जाएंगी। सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम में तिथि परिवर्तन के आधार पर तय स्कीम को विवि की वेबसाइट पर डाल दिया गया है।

Related posts