मोबाइल पर 111 डायल कर दर्ज करा सकेंगे शिकायतें

नई टिहरी। ग्रामीणों को समस्याओं के लिए अब अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग मोबाइल पर 111 डायल कर समस्या, सूचना दर्ज करा सकते हैं। समस्या के दर्ज होने के बाद मोबाइल पर मैसेज आ जाएगा। साथ ही समस्या का समाधान किस विभाग का कौन सा अधिकारी करेगा, यह जानकारी मिल सकेगी। प्रगति से संबंधित जानकारी भी मैसेज के माध्यम से मिलती रहेगी।
जिलाधिकारी नितेश कुमार झा के प्रयासों से टिहरी में शुरू हुई 111 मोबाइल सेवा का कृषि एवं प्रभारी मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अगर सही रिस्पांस मिला तो इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। मंत्री ने उक्त सेवा शुरू करने के लिए डीएम की सराहना की। योजना के संबंध में डीएम ने बताया कि कोई भी व्यक्ति 111 डायल कर सरकारी योजनाओं की जानकारी, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य समस्याएं दर्ज कराने के साथ अधिकारियों से सीधी बात भी कर सकेगा। इस मौके पर टिहरी विधायक दिनेश धनै, प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष रतन सिंह गुनसोला, एडीएम प्रवेशचंद्र डंडरियाल, पूर्व प्रमुख बीना सजवाण, मुरारीलाल खंडवाल और खुशी लाल मौजूद थे।

Related posts