
बाजपुर। प्राथमिक विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति कर रिपोर्ट जिला शिक्षाधिकारी को भेजी है।
बता दें कि 10 जुलाई को एसडीएम इला गिरी ने प्राथमिक विद्यालय एनएनटोपा का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान प्रधानाध्यापिका सुधा शिव हरे गैरहाजिर मिलीं, मिड-डे-मील की रसोई घर में गंदगी, मानक के अनुसार भोजन नहीं मिला। इस पर एसडीएम ने प्रधानाध्यापिका से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा था। साथ ही बीईओ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को बीईओ बीएल आर्य ने अमर उजाला को बताया कि विद्यालय में खामियां मिलने पर प्रधानाध्यापिका का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति कर रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी गई है। इधर, प्रधानाध्यापिका सुधा ने गैरहाजिर होने पर सफाई दी कि संकुल जाते समय तबियत खराब होने पर वह घर चली गई थीं।
