हत्यारोपी चालक गिरफ्तार

रुद्रपुर। ट्रक चालक की हत्या के आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
मुजफ्फरनगर के गांव राजकल्लापुर थाना पुरकाजी निवासी मनोज पुत्र शौकीन राम ट्रक चालक था। गत शुक्रवार देर रात मनोज का काशीपुर रोड स्थित ढाबे में खाना खाने के बाद हरिद्वार के थाना खानपुर के ग्राम मैसरा निवासी ट्रक चालक मंजीत सिंह उर्फ कालू से किसी बात पर विवाद हो गया था। मंजीत ने मनोज पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने मनोज को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । मृतक के भाई योगेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मंजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर एसएसआई विक्रम राठौर, एसआई मनोज कुमार ने पुलिस कर्मियों के साथ हत्यारोपी मंजीत सिंह को रोडवेज स्टेशन से पकड़ लिया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि शुक्रवार को उसकी मनोज से सिडकुल में ट्रक पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। मनोज ने उससे गालीगलौज व मारपीट भी की। इसके बाद देर रात जब मनोज ढाबे के बाहर मिला तो उसने चाकू से वार कर दिया। बाद में पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।

Related posts