
अल्मोड़ा। मजदूरी करने वाली दो नाबालिग नेपाली लड़कियों के साथ गैंग रेप का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दो अलग-अलग स्थानों में मजदूरी का काम करने वाली दो नेपाली किशोरियां बुधवार शाम करीब पांच बजे करबला के निकट होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के पास साथ-साथ पैदल जा रही थीं। इस बीच दो बाइकों में सवार चार युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने दोनों किशोरियों को घेर लिया और जबरन खींचकर पास के जंगल में ले गए। वहां चारों ने किशोरियों के साथ मारपीट की और उसके बाद दुष्कर्म किया।
किशोरियों ने बताया कि आरोपियों ने उनकी अश्लील फिल्म भी बना ली और धमकाया कि किसी को घटना के बारे में बताने पर अश्लील फिल्म को सबको दिखाएंगे। उसके बाद रात करीब 7.30 बजे आरोपियों ने दोनों को छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए। दोनों लड़कियों ने रात स्टेडियम के पास गुजारी। लड़की के घर नहीं लौटने पर एक के पिता ने रात में ही पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दे दी। जबकि दूसरी लड़की के पिता ने यह सोचा कि वह जिस घर में काम करती थी वहीं रुक गई होगी। बृहवार को दोनों लड़कियों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। उसके बाद कुछ स्थानीय लोगों की मदद से शाम को दोनों के परिजन पीड़ित लड़कियों के साथ महिला थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया है कि दो आरोपी खत्याड़ी के रहने वाले हैं और पीड़ित लड़कियां चारों का चेहरा पहचानती हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 376,504,506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित किशोरियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
