चार दिन से लापता नरेंद्र का शव मिला

चौखुटिया। चार दिन से लापता ग्राम पंचायत छाना निवासी नरेंद्र सिंह बिष्ट (42) का शव घुंगोली पुल के निकट कुथलाड़ गधेरे के किनारे बरामद हुआ। शव मिलने के बाद घर में कोहराम मचा है। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा। आशंका है कि गधेरे में बहने से उसकी मौत हुई है।
ग्राम पंचायत छाना निवासी स्वतंत्रता सेनानी खीम सिंह बिष्ट का बेटा नरेंद्र बिष्ट सोमवार से लापता था। इस दौरान उसकी ढूंढखोज होती रही परंतु कोई सुराग नही मिल पाया। ढूंढने निकले ग्रामीणों को बृहस्पतिवार शाम छह बजे उसका शव गांव से कुछ ही दूरी पर घुंगोली पुल के निकट कुथलाड़ गधेरे के किनारे पर पड़ा मिला। बताया गया है कि शव गधेरे में लकड़ी के सहारे अटका था।
शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की दो लड़कियां और एक लड़का है। वृद्ध माता-पिता और पत्नी गहरे सदमे में हैं। राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश नेगी और रामगिरी गोस्वामी मौके पर पहुंच गए हैं। राजस्व पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।

Related posts