लुटने का भय दिखा महिला से गहने ठगे

नई दिल्ली। कोई शख्स यदि खुद को पुलिसकर्मी बता आपको लुटने का भय दिखाने की कोशिश करे तो सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि वो कोई शातिर बदमाश हो और उसकी नजर आपकी माल पर हो। मधु विहार इलाके में 65 साल की गीता अग्रवाल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाश उनके जेवरात ठगकर ले गए।
पुलिस के मुताबिक, आईपी एक्सटेंशन स्थित पार्श्व विहार अपार्टमेंट निवासी गीता अग्रवाल बुधवार शाम को दूध लेने के लिए घर से निकलीं। रास्ते में उन्हें एक युवक मिला। उसने कहा, अम्मा आपको सामने बाइक पर बैठे पुलिस अफसर बुला रहे हैं। गीता वहां पहुंचीं तो बाइक पर बैठे शख्स ने कहा कि, कई बुजुर्ग महिलाएं यहां लुट चुकी हैं, फिर भी आप गहने पहनकर आ गईं। सभी गहने मुझे दें, मैं इसे आपके बैग में सुरक्षित रख देता हूं। कहने के बाद गीता ने जेवरात उतारकर बाइक पर बैठे शख्स को थमा दिए। आरोपी ने गीता के सामने ही चार कड़े, अंगूठी बैग में रखी। घर पहुंचकर जब गीता ने अपना बैग देखा तो उसमें गहने नहीं थे। तब गीता का ठगे जाने का अहसास हुआ और उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।

Related posts