
नई दिल्ली। डीयू में परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं और रिजल्ट भी जारी होने लगे हैं। डीयू ने अब मार्कशीट को स्टूडेंट फ्रेंडली बना दिया है। मार्कशीट में पासिंग क्राइटेरिया, हर सेमेस्टर के रिजल्ट व विषय के कोड के साथ अब विषय का नाम भी जोड़ दिया गया है। साथ ही शिकायत करने के लिए एक नंबर व ईमेल आईडी दिया जा रहा है।
डीयू ने बीते साल रिजल्ट के बाद वेबसाइट के जरिए मार्कशीट का प्रिंट लेने की सुविधा शुरू की थी। एग्जामिनेशन विभाग के ओएसडी डॉक्टर सतीश कुमार ने बताया कि डीयू का प्रयास है कि पूरी एग्जामिनेशन प्रक्रिया को स्टूडेंट फ्रेंडली बनाया जाए। लिहाजा मार्कशीट को बेहतर बनाने के लिए इस मई-जून में हुई परीक्षाओं के रिजल्ट की मार्कशीट में कुछ नई चीजों को शामिल किया गया है। छात्रों को पासिंग क्राइटेरिया के बारे में पता हो कि कितने पर वह पास होगा। अब तक मार्कशीट में केवल विषयों का कोड ही दिया जाता था, जिसके सामने अंक लिखे होते थे। ऐसे में कई बार स्टूडेंट के सामने विषय का कोड पता नही होने के कारण असमंजस की स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब कोड के साथ विषय का नाम देना भी शुरू किया गया है।
दरअसल, विदेशी विवि की मार्कशीट में कोड के साथ विषय भी दिए जाते हैं। ऐसे में अगर डीयू से कोई छात्र विदेश में पढ़ने जाता है तो उसे वहां के प्रारूप के समान ही मार्कशीट मिलने के कारण दिक्कत नहीं होगी। चूंकि सभी सेमेस्टर के रिजल्ट की जानकारी मार्कशीट में दी जा रही है, लिहाजा अगर उसका पुराने रिजल्ट के अंक गलत हैं तो वह उसमें दिए गए ईमेल के जरिए उसकी जानकारी भी एग्जामिनेशन विभाग को भेज सकता है। गौरतलब है कि बीते साल ही डीयू ने वेबसाइट से सीधे रिजल्ट का प्रिंट लेने की सुविधा शुरू की थी। इससे रिजल्ट आने पर छात्रों को चक्कर नहीं लगाने पड़ते और वह सीधे प्रिंट आउट लेकर कॉलेज से वेरिफाई करा लेते हैं।
