सिविक सेंटर में घंटों ‘कैद’ रहे अफसर

नई दिल्ली। दो नगर निगम एवं आयकर विभाग के मुख्यालय सिविक सेंटर में बृहस्पतिवार को कई घंटों तक नेता एवं अधिकारी ‘कैद’ रहे। वहीं मुख्यालय में कामकाज के लिए आए लोगों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वे भी कई घंटे तक सड़क पर खड़े रहे। कुछ लोगों ने दीवार फांदकर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग में अस्थायी तौर पर कार्य कर रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपने को नियमित करने की मांग को लेकर दोपहर करीब 12 बजे सिविक सेंटर का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिविक सेंटर के समस्त सातों गेटों पर कब्जा कर लिया और किसी को न तो अंदर जाने दिया और न ही बाहर आने दिया।
उनके प्रदर्शन के चलते नगर निगम की विभिन्न समितियों की बैठकों में पार्षद नहीं जा सके। इसी तरह यहां कार्य के लिए आए लोग भी बाहर रह गए। उधर, अधिकारी दिल्ली सरकार एवं केंद्र सरकार में आवश्यक बैठकों में भी नहीं जा सके। अस्थायी कर्मियों ने करीब चार बजे तक सिविक सेंटर का घेराव किया। इस दौरान पुलिस पूरी तरह शांत रही और प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोई कवायद नहीं की। इसी बीच परेशान लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत कर दी। इसके बाद हड़कंप मच गया और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया।

Related posts