
शिमला। जिला शिमला के राजस्व अधिकारियों की बैठक के दौरान डीसी दिनेश मल्होत्रा ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व कार्य में तेजी लाएं। लोगों से जुडे़ राजस्व विभाग के सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाकर दें। भू विभाजन से जुडे़ किसी भी आवेदन को छह माह के भीतर निपटाया जाए। निशान देही के मामलों का तीन महीनों में निपटारा करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन मामलों को इस समय सीमा से पहले भी निपटाने का प्रयास करें। इससे राजस्व व्यवस्था में आम व्यक्ति का विश्वास बढ़ेगा। उपायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता के मामले लटकाने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी निर्धारित दिनों में अपने कार्य स्थल पर मौजूद रहें। इसके साथ ही अतिरिक्त जमा बंदियों को नियमित तौर पर अपडेट करें। उन्होंने पटवारी और कानूनगो कार्यालयों के भवनों के निर्माण कार्य को भी जल्दी पूरा करवाएं। जिला राजस्व अधिकारी नरेंद्र आहलुवालिया से कहा कि इन सभी निर्णयों की नियमित समीक्षा करें। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट डीके रतन भी मौजूद रहे।
