दस पार्किंग नीलाम करेगा नगर निगम शिमला

शिमला। राजधानी शिमला की दस कार पार्किंगों को नगर निगम एक साल के लिए नीलाम करेगा। निगम की संपदा शाखा ने आवेदकों से 15 जुलाई तक निविदाएं आमंत्रित की हैं। इसके अलावा दो कार पार्किंग फ्लोर में कैंटीन भी खोली जाएगी। टुटू, नाभा और कनलोग स्थित पांच दुकानों को 25 सालों पर ठेके पर दिया जाना है। निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने बताया है निविदाएं 15 जुलाई को दो बजे ली जाएंगी। इसी दिन तीन बजे टेंडर खुलेंगे। उच्चतम बोली लगाने वाले और सभी औपचारिकताएं पूरी करने वाले व्यक्ति को ही पार्किंग और दुकानें देने में प्राथमिकता मिलेगी।
मैट्रोपोल के नीचे निगम परिसर में टैरिस फ्लोर की कार पार्किंग के लिए वार्षिक 26,50,000 रुपये आरक्षित राशि रखी है। चौथी मंजिल कार पार्किंग की 12,31,000, पीके कोल कंपनी खलीणी के पास वाली पार्किंग की 2,00,000 रुपये, रेन बसेरा कार पार्किंग लक्कड़ बाजार की 50,000, कार पार्किंग नजदीक अग्रवाल धर्मशाला लांगवुड ऊपरी भाग 1,12,000, कार पार्किंग नजदीक अग्रवाल धर्मशाला लांगवुड निचला भाग 50,000, लिफ्ट से यूएस क्लब की 1,01,000, दो पहिया सड़क पार्किंग रिवोली रोड की 77,600, सिसिल होटल के सामने की पार्किंग की 81,000 और नजदीक आकलैंड स्कूल की पार्किंग के लिए 3,80,000 रुपये वार्षिक आरक्षित राशि रखी है। इसके अलावा मैट्रोपोल के नीचे निगम परिसर में टैरिस फ्लोर की कार पार्किंग में दो कैंटीन चलाने के लिए मासिक 15,000 रुपये आरक्षित राशि रखी है। जल शाखा माल रोड के नीचे एटीएम लगाने के लिए 40,000 रुपये मासिक आरक्षित राशि तय है। कनलोग में दुकान नंबर चार (केवल अनुसूचित जाति के लिए), दुकान नंबर 207, 211, 212 पहली मंजिल व्यवसायिक परिसर टुटू को 25 वर्ष के लिए ठेके पर दिया जाएगा। इसके लिए 3,000-,3,000 रुपये की आरक्षित राशि रखी है। नाभा व्यावसायिक परिसर की धरातल मंजिल में दुकान नंबर एक के लिए 5,000 रुपये आरक्षित राशि रखी है। पार्किंग और दुकानों के लिए आवेदन करने वाले लोगों के बीच बोली लगाई जाएगी। सर्वाधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को दुकान और पार्किंग मिलेगी।

Related posts