
शिमला। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के घरेलू गैस सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं को पिछले दस दिन से सप्लाई नहीं मिली है। कंपनी के हरियाणा स्थित जींद प्लांट में ट्रांसपोर्टरों और कंपनी में माल भाड़े को लेकर चल रहे गतिरोध ने उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ा दी हैं। एचपी की राजधानी स्थित दो गैस एजेंसियों में एक हजार से अधिक सिलेंडरों का बैक लॉग हो गया है। ग्राहक गैस सिलेंडर की आस में एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हो गए हैं।
एचपी गैस कंपनी के उपभोक्ताओं प्रवीण कुमार, श्रवण शर्मा, प्रताप चौहान, रमन शर्मा, सुशील ठाकुर, आनंद शर्मा, एचआर शर्मा, रोहित ठाकुर और प्रकाश चंद ने बताया कि 28 जून को उन्होंने गैस बुक करवाई थी लेकिन अभी तक सप्लाई नहीं मिली है। जब भी गैस एजेंसी में शिकायत लेकर जाओ तो एक-दो दिन में सप्लाई देने का आश्वासन दिया जाता है। गैस एजेंसी वाले सही से कोई जवाब नहीं दे रहे। एजेंसी में फोन करने पर कोई फोन भी नहीं उठाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस सिलेंडर खत्म होने से करीब एक सप्ताह पहले उन्होंने बुकिंग करवाई थी ताकि सिलेंडर खत्म होने से पहले ही सप्लाई मिल जाए लेकिन अब सिलेंडर खत्म होने के चार दिन बाद भी सप्लाई नहीं मिल पाई है। इस कारण खाना बनाना मुश्किल हो गया है। एचपी गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि माल भाड़े को लेकर जींद में ट्रांसपोर्टरों और कंपनी में गतिरोध हो गया था। इसके चलते एक सप्ताह तक गैस की सप्लाई नहीं हुई। इस कारण एजेंसियों में बैक लॉग बढ़ गया है। बुधवार से सप्लाई आना शुरू हो गई है। एक सप्ताह के भीतर सभी बुकिंग पर गैस भेज दी जाएगी।
