
कोटली (मंडी)। उपतहसील कोटली की ग्राम पंचायत धन्यारा के कुश्मल गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार कुश्मल गांव निवासी अनंत राम (38) अपने घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर मृत हालात में मिला। अनंत राम हिमाचल परिवहन निगम बैजनाथ डिपो में चालक था। कुछ दिनों से छुट्टी पर था। गत बुधवार को वह किसी काम के लिए कोटली आया था। कोटली से घर वापस जाते वक्त अपने घर के समीप ही पक्के रास्ते पर पैर फिसलने के कारण वह गिर गया। अंदरूनी चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक अनंत के शरीर पर किसी प्रकार का घाव नहीं था। छह माह पहले ही अनंत राम की एचआरटीसी में बतौर चालक के रूप में नौकरी लगी थी। सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी संचर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की ओर से मौत पर किसी प्रकार का कोई शक जाहिर नहीं किया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण रास्ते से नीचे गिरना माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लगेगा। धन्यारा जिला परिषद सदस्य कृष्ण सिंह ने अनंत राम की मौत पर शोक जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। नायब तहसीलदार मित्र देव ने कहा कि पुलिस की रिपोर्ट के बाद ही नियमानुसार प्रभावित परिवार की मदद की जाएगी।
