
चंबा। लिल्ह क्षेत्र की कुनेड पंचायत में नौ माह गैस की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गैस की सप्लाई न होने के कारण उपभोक्ताओं को अतिरिक्त पैसे खर्च कर जिला मुख्यालय से सिलेंडर लाने पड़ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुनेड में नवंबर के बाद सिलेंडर की गाड़ी क्षेत्र में नहीं पहुंची है। इससे पहले क्षेत्र में नियमित गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचती थी, लेकिन पिछले नौ महीने से क्षेत्र में सिलेंडर की गाड़ी आना बंद हो गई है। इससे उपभोक्ताआें को काफी दिक्कतें हैं। उपभोक्ता मस्तराम गर्ग, पवन कुमार, महेंद्र सिंह, विनोद कुमार, चंद्रमणी, कल्याण सिंह, कुलदीप कुमार, संजय कुमार, सर्वो राम, बीना देवी, नूरध राम, पवन, सुमन कुमार, अजय कुमार, अशोक ठाकुर, राजेंद्र ने बताया कि क्षेत्र में 80 के करीब उपभोक्ता हैं। सिलेंडर की गाड़ी न आने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें सिलेंडर के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। साथ ही उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उपभोक्ताओं ने खाद्य आपूर्ति विभाग से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया है और क्षेत्र में सिलेंडर की गाड़ी नियमित रूप से भेजने की मांग की है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि मामला ध्यान में आ गया है। मार्ग बंद होने के कारण पिछले कुछ माह से क्षेत्र में सिलेंडर की गाड़ी नहीं पहुंच पाई है। इस कारण दिक्कतें पेश आ रही है। जल्द संबंधित गैस एजेंसी को क्षेत्र में गैस की सप्लाई सुचारु करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
