
बैजनाथ/पपरोला (कांगड़ा)। स्थानीय पपरोला बाजार के एक दुकानदार पर पंजाब में 50 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस के एक दल ने वीरवार को बैजनाथ पुलिस के सहयोग से पपरोला बाजार में दुकान चला रहे मूलत: पंजाब के इस व्यापारी से पूछताछ के सिलसिले में पपरोला स्थित उसके व्यापारिक प्रतिष्ठान और खू बाजार स्थित किराए के मकान में दस्तक दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पपरोला के मुख्य बाजार में दूसरी मंजिल पर पिछले पांच वर्षों से किराए की दुकान चला रहे पंजाब के एक व्यक्ति पर पंजाब के अमृतसर में उसके रिश्तेदारों ने धोखाधड़ी संबंधी मामला दर्ज करवाया है। उसी मामले की जांच के संबंध में पंजाब पुलिस दल ने पपरोला में दस्तक दी है। माना जा रहा है कि उक्त व्यापारी के विरुद्घ उसके रिश्तेदारों ने करीब 50 लाख रुपये की नकदी व गहनाें की ठगी करने संबंधी मामला दर्ज करवाया है। वीरवार को पंजाब पुलिस के दल ने आरोपी व्यापारी के संभावित ठिकानों पर दस्तक दी है, लेकिन पुलिस को इसमें कोई सफलता नहीं मिली। उक्त व्यक्ति पिछले पांच वर्ष से पपरोला में दुकान चला रहा है और परिवार सहित खू बाजार में किराए के मकान में रह रहा है। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पंजाब पुलिस के आग्रह पर व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक 13 को
बैजनाथ (कांगड़ा)। रोजगार ग्राम सेवक संघ की जिला स्तरीय बैठक 13 जुलाई को होगी। संघ के जिला अध्यक्ष शिव राज ठाकुर ने कहा कि बैठक में ग्राम रोजगार सेवकों को कार्य के अनुसार वेतन न मिलने पर चर्चा की जाएगी और मांगों को सरकार के समक्ष पेश करने के लिए संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने जिला के समस्त पदाधिकारियों से बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है।
