
रोहड़ू। व्यापार मंडल रोहड़ू के चुनाव अनिश्चितकाल के लिए टल गए हैं। व्यापार मंडल की ओर से बनाई गई चुनाव कमेटी मतदाता सूची की प्रक्रिया कम समय में पूरी नहीं कर सकी है। चुनाव कमेटी ने अब दोबारा चुनाव की तारीख तय करने का ऐलान किया है। चुनाव कमेटी प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि व्यापार मंडल रोहड़ू के चुनाव की तय तारीख रद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लोकतांत्रिक तरीके से करवाने के लिए अभी तक व्यापार मंडल की चुनाव कमेटी के पास पूरे दस्तावेज तैयार नहीं हुए हैं। मतदान के लिए व्यापारियों के पहचान पत्र एक चरण में बन रहे हैं। इस प्रक्रिया में कई दिनों का समय लग रहा है। उसके बाद हर व्यापारी की सदस्यता का अभियान पूरा किया जाएगा। सदस्यता पूरी होने के बाद ही चुनाव के लिए नामांकन भरे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव कमेटी ने तय किया है कि दस्तावेज पूरा होने के बाद ही चुनाव की तारीख तय की जाएगी। इससे पहले व्यापार मंडल रोहड़ू की बैठक में रविवार को व्यापारियोें ने चुनाव का ऐलान किया था। सभी व्यापारियों ने निर्णय लिया था कि 14 जुलाई को व्यापार मंडल चुनाव के लिए उम्मीदवार नामांकन भरेंगे। मतदान की तारीख 28 जुलाई को तय की गई थी। चुनाव मैदान में व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के दावेदारों ने व्यापारियों के बीच अपनी गतिविधियां भी शुरू कर दी थीं। अब चुनाव कमेटी ने दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी होने तक चुनाव स्थगित कर दिए हैं। चुनाव कमेटी के प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि चुनाव की सूचना व्यापारियों को समय पर दी जाएगी।
