छह महीने से नहीं आया बिजली बिल!

रोहडू। बिजली बिल समय पर न आने से उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके घर में छह माह पहले बिजली मीटर तो लगा दिए गए लेकिन उन्हें अभी तक बिल नहीं दिए गए हैं। अगर उन्हें अब छह महीने के बिल एक साथ दिए जाते हैं तो इन्हें एकमुश्त देना मुश्किल होगा।
उपभोक्ता बिजली बोर्ड कार्यालय के चक्कर तो काट रहे हैं, लेकिन उन्हें बोर्ड कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
उपभोक्ता भगत सिंह रांगटा ने बताया कि उनका मकान रोहडू में पेट्रोल पंप के समीप है। छह माह पहले विद्युत बोर्ड ने मकान में दो बिजली के मीटर लगाए थे, लेकिन अभी तक बिजली बिल उन्हें नहीं दिए गए हैं। कई बार विद्युत बोर्ड के कार्यालय में जाकर कर्मियों से समस्या को उठाया गया, लेकिन कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि विद्युत बोर्ड की लापरवाही के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब विद्युत बोर्ड अगर छह माह का एक साथ बिल देता है तो वे बिजली बोर्ड के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उपभोक्ता लोकिंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उनका मकान बराड़ा रोड पर स्थित है। छह माह पहले उन्होंने अपने मकान में तीन बिजली के मीटर लगवाए थे, जिनका बिल अभी तक बिजली बोर्ड ने नहीं दिया। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अशोक रुपटा ने बताया कि कुछ बिजली के मीटरों की अभी तक एंट्री नहीं हुई है। इसके चलते दिक्कत हो रही है। शीघ्र मीटरों की एंट्री कर बिजली के बिल दे दिए जाएंगे।

Related posts