
पथरी। पथरी क्षेत्र निवासी पांच वर्षीय बालक की हत्या कर शव बस्ती के पास ही झाड़ियों में फेंक दिया गया। बालक मंगलवार शाम पांच बजे से लापता था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे उसका शव बरामद हुआ। बालक का गला उसके पायजामे से घोंटा गया था। कुकर्म की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। परिजनों की तहरीर पर पथरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ कनखल चंद्रमोहन नेगी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे पथरी क्षेत्र की एक बस्ती में रहने वाले व्यक्ति का पांच वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बालक के पिता मजदूरी करते हैं और मां गाय-भैंस चराने का काम करती है। कक्षा एक में पढ़ने वाला बालक मंगलवार शाम भैंसे चराने गई अपनी मां को तलाशता हुआ जंगल की ओर गया था। तभी से वह लापता था। रातभर पुलिस और ग्रामीणों ने बालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। सुबह जंगल के पास झाड़ियों से बालक का शव मिला। बालक के पायजामे से उसका गला घोंटा गया था। पायजामा गले में कसा हुआ था। पथरी थानाध्यक्ष विरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कुकर्म की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बस्ती के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
