
ताश के पत्ततों में बादशाह और बेगम की होड़ में किस्मत छह जुआरियों को हवालात ले आई। ऋषिकेश में कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे छह लोगों को दबोचा है।
जुआरियों के पास से हजारों की नकदी बरामद की है। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बुधवार देर रात गश्त के दौरान शांतिनगर की गली नंबर दो के चौराहे पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस को करीब आते देख उन्होंने भागने का प्रयास किया, तभी उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों की पहचान हरीश ठाकुर निवासी गंगानगर, जितेंद्र सिंह निवासी नजीबाबाद (उप्र), नीरज, सोनू चौहान निवासी शांतिनगर, विश्वजीत निवासी चंद्रेश्वरनगर और रजत निवासी यमुनानगर बताई है।
उपनिरीक्षक योगेश पांडेय ने बताया कि फड़ से 8240 रूपये और जामा तलाशी में 1930 रूपये बरामद किए हैं। जुआरियों के खिलाफ 13 जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
