तहसील पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, धरना शुरू

जोशीमठ (चमोली)। गोविंदघाट में अलकनंदा के दूसरे छोर पर फंसे आठ सौ से अधिक खच्चर और करीब तीन सौ संचालकों को नहीं निकाले जाने से गुस्साएं ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना शुरू किया।
जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह कुंवर के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि 17 जून को अलकनंदा में बाढ़ आ जाने से उनके खच्चर नदी साइड ही फंस गए थे। जिला प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर से खच्चरों के लिए कुट्टू, खाद्य सामग्री भेजी जा रही है, लेकिन इन्हें निकालने के लिए अस्थायी पुल निर्माण नहीं किया जा रहा है। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक लक्ष्मण सिंह राणा का कहना है कि जिला प्रशासन से अलकनंदा नदी पर सेना, बीआरओ की इंजीनियरिंग विंग से अस्थायी पुल निर्माण की मांग की, लेकिन अभी तक पुल निर्माण की प्रक्रिया तक शुरू नहीं की गई है।
कहा गया कि खच्चर अधिकारियों के सामने ही दम तोड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें निकालने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। खच्चर मालिकों ने कहा कि वे बैंक से ऋण लेकर खच्चर लाए हैं। खच्चरों के मरने से उनके सामने आजीविका का संकट भी पैदा हो गया है। धरना देने वालों में प्रदीप, कुंवर सिंह, राजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, अजमेर सिंह, कमलेश आदि शामिल है।

Related posts