कॉपर वायर के बंडल चुराते रंगेहाथ दबोचा

काशीपुर। एक निर्माणाधीन होटल से एसी में लगने वाले कॉपर वायर के तीन बंडल चुराते समय कुछ लोगों ने एक युवक को दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए युवक की धुनाई लगाकर उसे कटोरातल चौकी सौंप दिया। होटल के प्रबंधक ने मुकदमा दर्ज कराया है।
रामनगर रोड स्थित एक निर्माणधीन होटल में काम करने के बहाने दो युवक पहुंचे। फिर एसी में लगने वाले कॉपर वायर के 3 बंडल उन्होंने होटल के पीछे से पार्क में क दिए। जब वह बाहर निकलने लगे तो वहीं काम कर रहे कुछ लोगों को उन पर संदेह हुआ। पूछताछ करने पर एक युवक फरार हो गया। जबकि दूसरे युवक को पकड़कर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई लगा कटोराताल पुलिस चौकी में सौंप दिया। चौकी इंचार्ज नरेश पाल ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम सजर अली पुत्र छोटे निवासी ग्राम बुढ़ानपुर थाना भगतपुर बताया है। उसकी निशानदेही पर तीन कॉपर वायर के बंडल बरामद कर लिए गए है। जिनकी कीमत करीब 33 हजार रुपये आंकी गई है। पाल ने बताया कि सजर अली एसी का मिस्त्री है। जबकि उसका फरार साथी सोनू पुत्र दिलशाद बिजली का काम करता है। वारदात के एक दिन पहले ही दोनों काम मांगने होटल गए थे। दोनों खालसा निवासी एक ठेकेदार के साथ काम करते हैं। होटल प्रबंधक विजय कुमार ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Related posts