
बागेश्वर। जिले में दैवीय आपदा के कारण अभी तक 64 भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। 264 पशु और 4.78 हेक्टेयर कृषि भूमि की क्षति हुई है। अभी तक कुल सात लाख 18 हजार 374 रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।
आपदा प्रबंधन प्रभारी अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी उदय सिंह राणा ने बताया कि आपदा के कारण 74 गांवों के 105 परिवारों में रहने वाले 531 ग्रामीणों पर सीधा असर पड़ा है। राहत के लिए 14700 रुपये की अहेतुक सहायता, सवा पांच लाख का गृह अनुदान, एक लाख 71 हजार 200 रुपये की कृषि राहत राशि वितरित की गई है। जिले के 94 मार्गों में से 77 मोटर मार्ग खुले हुए हैं। कपकोट-कर्मी, भानी- हरसिंग्याबगड़-विनायककपकोट-पिंडारी, बागेश्वर-दफौट मार्ग सहित 17 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इन्हें शीघ्र खोलने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। पिंडर पर पुल गिरने से 10 गांवों का संपर्क भंग है। यहां 1163 परिवार रहते हैं। कई सिंचाई गूलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। तहसीलदार पीएस माहरा ने बताया कि प्रभावित परिवारोें के लिए हेलीकाप्टर से राहत सामग्री भेजी जा रही है।
