
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला की मुख्य सब्जी मंडी को दाड़नी का बागीचा, हिमफैड भवन या टूटीकंडी के नजदीक स्थलों पर स्थानांतरित करने पर विचार किया जाएगा। इससे उत्पादक, आढ़ती और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ उत्पाद की माल ढुलाई के लिए बेहतर जगह मिलेगी। पार्किंग के लिए भी खुला स्थान उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने शिमला तहसील ग्रामीण विकास सभा धामी की कार्यकारिणी के अध्यक्ष रमेश पंत की अध्यक्षता में उनसे मिलने आए प्रतिनिधिमंडल को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सब्जी मंडी को स्थानांतरित करने से शिमला शहर पर बढ़ रहे दबाव को कम करने में भी सहायता मिलेगी। विकास सभा धामी की अन्यों मांगों पर भी विचार किया जाएगा। इन मांगों में विकास खंड मशोबरा को टूटू स्थानांतरित करना शामिल है। इससे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की 27 पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। समिति की अन्य मांगों में धामी में लोक निर्माण विभाग का मंडल खोलना तथा 16 मील में राजकीय महाविद्यालय खोलना शामिल हैं।
प्र्रतिनिधिमंडल ने छह माह में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति तेज करने और धामी में उप तहसील खोलने, दाड़गी, जलोग में आईटीआई खोलने और कुटासनी में बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण को पुन: आरंभ करने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस स्टेडियम का निर्माण पूर्व भाजपा सरकार ने रोक दिया था।
