ऑनलाइन करना होगा छात्रवृत्ति को आवेदन

मंडी। जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और गैर सरकारी पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को शैक्षणिक सत्र 2013-14 से छात्रवृत्ति के लिए सभी पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन ऑनलाइन भरने होगे। इस बारे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक की ओर से सभी प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकारी और निजी स्कूलों में मेधावी विद्यार्थियों को मिलने वाली सभी प्रकार की छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा। स्कूलों के मुखिया को पात्र छात्रों के आवेदन इलेक्ट्रानिक पेमेंट एंड एप्लीकेशन सिस्टम आफ स्कॉलरशिप (ई-पास) के माध्यम से करना होगा। इस बारे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की ओर से सभी स्कूलों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं। ई-पास से आवेदन करने के लिए विभाग की ओर से 28 कलस्टरों के प्रभारियों को ट्रेनिंग भी दी गई।
कार्यवाहक उच्च शिक्षा उप निदेशक एमएस जम्वाल ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2013-14 से नौवीं कक्षा से जमा-दो कक्षा तक मिलने वाली सभी प्रकार की छात्रवृत्तियों को ऑनलाइन किया गया है। छात्रवृत्ति के लिए पात्र छात्र-छात्राओं का आवेदन ई-पास से ऑनलाइन भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन पाठशालाओं ने छात्रवृत्ति के आवेदन पत्र उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाए हैं। वे 18 जुलाई तक आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts