सलापड़ में कार पुल से टकराई, छह घायल

सुंदरनगर (मंडी)। सलापड़ में तेज रफ्तार ऑल्टो कार पुल से टकरा जाने से उसमें सवार सोलन के बाघा गांव निवासी छह लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोलन जिले के बाघा गांव निवासी शीला देवी (40), चंपा देवी (50), भाग सिंह (43), अनिता देवी (38), गंभरी देवी (60) और सुरेंद्र कुमार (26) सुंदरनगर के कंदार स्थित मंदिर में माथा टेकने के लिए आए हुए थे। मंगलवार दोपहर बाद वापस लौट रहे थे तो उनकी कार बीएसएल प्रोजेक्ट के पिन स्टाक ब्रिज से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच आरंभ कर दी है।

Related posts