
मंडी। सालों से मामूली वेतनमान पर सेवाएं दे रहीं महिला आंगनबाड़ी वर्करों ने बुधवार को मांग दिवस पर आवाज बुलंद की। मंडी में प्रस्तावित रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं ने काफी संख्या में भाग लिया। यूनियन ने उपायुक्त के माध्यम से अपना मांग पत्र प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को प्रेषित किया। इससे पूर्व राज्य अध्यक्ष इंदिरा ठाकुर की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी वर्करों ने शहर में रैली निकाली। मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के प्रांगण में धरना भी दिया।
यूनियन ने प्रधानमंत्री से आंगनबाड़ी वर्करों की मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई। यूनियन की रैली जोरदार नारेबाजी के बीच उपायुक्त कार्यालय पहुंची। जिलाधीश कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं को प्रदेशाध्यक्ष इंदिरा ठाकुर, जिला प्रधान सुमित्रा ठाकुर, सीटू जिला सचिव राजेश शर्मा ने संबोधित किया। प्रदेशाध्यक्ष इंदिरा ठाकुर ने कहा कि यूनियन की मांग है कि आईसीडीएस को स्थायी विभाग बनाया जाए। लेकिन, सरकार इस मांग को लंबे समय से अनसुना कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पेंशन, न्यूनतम वेतन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलने चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्राें का निजीकरण बंद किया जाए। निजीकरण का यूनियन कड़ा विरोध करती है। आंगनबाड़ी कर्मियों को पंजाब की तर्ज पर मानदेय दिया जाए, स्कूल के कर्मचारियों की तर्ज पर छुट्टियों के लाभ भी इन महिला कर्मचारियों को प्रदान किए जाएं। इस अवसर पर लज्जा, हमेंद्री, राजकुमारी, उमावती, कृष्णा, निशा, गोदावरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
