
बिलासपुर। भाखड़ा विस्थापित बहुल बिलासपुर में स्ट्रीट लाइट कनेक्शन कटने का मामला तूल पकड़ गया है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली कनेक्शन बहाल न हुआ तो एक बड़े आंदोलन का बिगुल बजा दिया जाएगा। उन्होंने सांसद निधि से बिलासपुर शहर के लिए 50 सोलर लाइटें उपलब्ध कराने का ऐलान भी किया।
मंगलवार देर शाम शहर में कार्यकर्ताआें के साथ आयोजित बैठक में अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस शहर के लोगों के बलिदान के चलते समूचा उत्तर भारत रोशनी से जगमगा रहा है, उसी शहर का स्ट्रीट लाइट कनेक्शन काट दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके चलते शहर में एक सप्ताह से अंधेरा पसरा हुआ है। लोग परेशान हैं। प्रदेश सरकार को इसका जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हाेंने कहा कि इससे खुद को विस्थापितों का हितैषी बताने वाली कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों से जुड़ी इस समस्या के समाधान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यदि एक सप्ताह के भीतर नगर परिषद की स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन बहाल न किया गया तो कम से कम पांच हजार कार्यकर्ताआें को साथ लेकर एक बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। जरूरत पड़ी तो जेल भरो आंदोलन शुरू करने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा। लोगों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए उन्होंने सांसद निधि से 50 सोलर लाइटें मुहैया कराने की घोषणा भी की। इससे पहले उन्होंने लुहणू क्रिकेट मैदान का मुआयना किया। अकादमी में चयनित खिलाड़ियों के साथ ही उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के नुमाइंदों से भी बातचीत की। हाकी व फुटबाल के कोचों की डिमांड पर उन्होंने मैदान के लिए एक रोलर व ग्रास कटर मशीन जल्द मुहैया कराने का भरोसा भी दिलाया।
