
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में आम जनता की सुविधा एवं सौंदर्यीकरण के लिए बनाए गए पार्क बेकार साबित होने लगे हैं। पार्कों में बैठने के लिए लगे बैंच तक टूट गए हैं। पार्कों में लगाए गए फाउंटेन काम नहीं कर रहे। हैरत यह है कि पार्कों के निर्माण पर लाखों रुपए खर्च किए गए हैं। इसका लोगों को फायदा नहीं मिल रहा।
शहर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पार्क सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। शहर की जनता पार्कों की दयनीय हालत होने के चलते पार्कों में जाने से भी कतराने लगे हैं। बिलासपुर शहर में स्थित चंपा पार्क के फव्वारे खराब पड़े हुए हैं। रौड़ा सेक्टर पार्क, डियारा सेक्टर पार्क, चंगर सेक्टर, कोसरियां वार्ड सहित अन्य स्थानों पर पार्कों की हालत दयनीय हो चुकी है। इसके लिए नगर परिषद द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। नगर परिषद द्वारा गत 21 जून को हुई बैठक में शहर के पार्कों के लिए 6.08 लाख के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके बावजूद भी पार्कों की हालत वैसी की वैसी ही है। बरसात के मौसम में तो इन पार्कों पर घास उगी हुई है। इनके रख रखाव के लिए कोई उचित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। यदि पार्कों की हालत ऐसी ही रही तो जल्द ही स्थानीय जनता पार्कों में जाने से किनारा कर लेगी।
उधर, इस बारे में नगर परिषद अध्यक्षा रजनी शर्मा ने कहा कि शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए 6.08 लाख रुपये बजट का प्रावधान किया गया है। जल्द ही शहर के पार्कों पर बेहतर बनाया जाएगा।
