
बरठीं (बिलासपुर)। लोक निर्माण विभाग के बरठीं उपमंडल के तहत आने वाली कई सड़कें बरसात के इस मौसम में नाले की तरह नजर आ रही हैं। सड़कों के किनारे बनाई गई अधिकांश निकासी नालियां या तो टूट गई हैं या फिर बंद पड़ी हैं। ऐसे में बारिश का सारा पानी सड़कों पर ही बह रहा है। इससे सड़कों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
लोनिवि के बरठीं उपमंडल के अंतर्गत कई सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। दरअसल, सड़कों के किनारे बनाई गई निकासी नालियां अधिकांश स्थानों पर या तो टूट गई हैं या फिर मलबा जमा होने से बंद पड़ी हैं। कई स्थानों पर लोगों ने नालियों पर अतिक्रमण भी कर रखा है। ऐसे में बारिश होने पर सारा पानी नालियों के बजाए सड़कों से होता हुआ बह रहा है। कई घरों का पानी सड़कों पर छोड़ रखा है। इससे सड़कों की टारिंग उखड़ रही है। बरठीं से छत्त, झंडूता, बड़गांव व करलोटी सड़कों की हालत मुख्यतया इसी वजह से बिगड़ी है।
क्षेत्रवासियों रामलोक, प्रकाश चंद, भाग सिंह, लच्छमण सिंह, हरदयाल सिंह, दीनानाथ, ईश्वर दास, भगवान दास व अच्छर सिंह आदि का कहना है कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर सड़कों की हालत तालाब की तरह हो जाती है। वहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होने सड़कों व निकास नालियों के उचित रखरखाव के लिए ठोस कदम उठाने के साथ ही यह भी मांग की है कि नालियों को जानबूझ कर नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उधर, इस बारे लोनिवि के सहायक अभियंता प्रमोद कश्यप ने कहा कि निकासी नालियों की सफाई करवाई जाएगी। मौसम साफ होने पर सड़कों व नालियों की मरम्मत भी करवा दी जाएगी।
