
बिलासपुर। आम चुनाव के लिए भाजपा का फ्रंटल संगठन युवा मोर्चा भी सक्रिय हो गया है। इस सिलसिले में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, प्रदेश के सह प्रभारी सचिव बसीम प्रदेश के दौरे पर निकले हैं। बुधवार को दोनों युवा नेता बिलासपुर पहुंचे। सर्किट हाउस में रखी गई बैठक से पहले उनका जोरदार स्वागत किया गया। बिलासपुर के युवा कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को कंधों पर उठाकर नारेबाजी से माहौल को गरमा दिया।
इस अवसर पर नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ है। युवा मोर्चा ही युवाओं को पार्टी से जोड़ने का काम सही ढंग से कर सकता है। उन्होंने युवा मोर्चा के सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की अपील की। भाजयुमो के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने कहा कि युवा मोर्चा पूरे देश में सदस्यता अभियान चला रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में मोर्चा सुदृढ़ है। सदस्यता अभियान का आगाज 15 जुलाई से भाजपा कार्यालय में भाजपा के वरिष्ठ नेता करेंगे। केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। इसे जड़ से उखाड़ने के लिए युवाओं को संगठित किया जाएगा। मंडल स्तर तक सदस्यता के लिए प्रभारियों की नियुक्तियां की जाएगी। बैठक में युवा मोर्चा के जिला महामंत्री विवेक चंदेल को सदस्यता अभियान का प्रमुख नियुक्त किया गया। सदर से अजय चौहान, झंडूता से सुनील शर्मा, नयनादेवी से पुनित शर्मा, घुमारवीं से जगत सिंह को सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश ठाकुर, प्रवीण पटियाल, राजेश शर्मा, तुषार डोगरा, जिला उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, सचिव आशीष चंदेल, रजत शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मीडिया प्रभारी जोगिंद्र राणा, सह मीडिया प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा, चारों मंडलों के अध्यक्ष भी उपस्थित थे।
