आंगनबाड़ी केंद्रों के बिलों का नहीं हुआ भुगतान

धरवाला (चंबा)। ब्लाक मैहला के अंतर्गत बाल विकास विभाग के चार वृत्त में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बिलों का भुगतान नहीं हो रहा है। इस कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला एवं बाल विकास परियोजना वृत्त चूड़ी, किलोड़, छतराड़ी और गैहरा में भवन किराया बिल, राशन ढुलाई बिल, यात्रा भत्ता बिल और स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिए जाने वाले मासिक बिल का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। कई आंगनबाड़ी केंद्रों में तो एक साल से भी ज्यादा समय से बिलों का भुगतान नहीं हो पाया है। इस कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमित्रा देवी, सुन्नी, कौशल्या, राधा, रेखा, सुलोचना, कविता, सुरेखा, सुनीता और कमलो ने बताया कि वे कई बार महिला एवं बाल विकास कार्यालय मैहला के चक्कर काट चुकी हैं लेकिन पिछले लंबे समय से उनके बिलों का भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जो आंगनबाड़ी केंद्र निजी भवनों में चल रहे हैं मकान मालिक किराया मांग रहे हैं लेकिन बिलों का भुगतान न होने के कारण वे किराया देने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में वे वीरवार को वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी से मिलेंगे और समस्या के बारे में अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बाल विकास विभाग से मांग की है कि उनके बिलों का जल्द भुगतान किया जाए।

Related posts