काफनू यांगपा मार्ग एक माह से बंद

सांगला (किन्नौर)। जिले के निचार खंड के काफनू यांगपा लिंक मार्ग के बहाल न होने के कारण क्षेत्र की करीब पांच हजार आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से जहां क्षेत्र में खाद्य सामग्री पहुंचाने में दिक्कत हो रही है वहीं, क्षेत्र से मरीजों को अस्पताल तक लाने में भी लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। 15 जून को हुई भारी बारिश के बाद सड़क पूर्ण रूप से बंद पड़ी है। सड़क बंद होने से ग्राम पंचायत यांगपा के तहत आने वाले गांव यांगपा-1 यांगपा-2 के की करीब दो हजार आबादी सहित ग्राम पंचायत कटगांव के गांव क्त्रसबा, सुरचो, होय के करीब 400 लोगों, काफनू पंचायत के तहत आने वाले होमते गांव के करीब सौ और निचार खंड के तहत आने वाली तीन पंचायतों की करीब ढाई हजार से अधिक आबादी को सड़क सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है। हालांकि, जान जोखिम में डालकर कुछ छोटे वाहन मार्ग पर चल रहे हैं लेकिन उनमें सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है। सर्दी के मौसम में भी लंबे समय तक मार्ग बंद रहा। अब मूसलाधार बारिश ने फिर यांगपा के साथ हुलथु लिंग नामक जगह पर 25 मीटर सड़क को नुकसान पहुंचाया है। इसके साथ ही कई जगह सड़क पर ल्हासे गिरे हुए हैं। पूर्व प्रधान यांगपा राज कुमार नेगी, पूर्व बीडीसी सदस्य अर्जुन सिंह नेगी, मियाराम नेगी, चंद्रबाग नेगी, मोती नेगी, हरीनंद नेगी, विद्या सिंह नेगी, राम सिंह नेगी, उदय नेगी, दिनेश कुमार नेगी सहित कई अन्य ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि समय रहते मार्ग को बहाल किया जाए। इसके बारे में लोनिवि के एसई रामपुर अशोक चौहान ने कहा कि मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनों को लगा रखा है। लोगों की लड़ाई के चलते दीवारें लगाने में परेशानी आ रही है।

Related posts