
बिलासपुर। पिछले लगभग छह दिन से बिलासपुर में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली बिल की अदायगी नहीं होने पर बिजली बोर्ड ने लगभग 1200 स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया है। ऐसे में आम जनता परेशान है। शाम होे ही लोग अपने घरों में कैद होने को विवश हो गए हैं। चोरी के डर से अपनी संपत्ति की सुरक्षा भी मुश्किल बन गई है। उधर, गुप अंधेरे में पुलिस जवानों के लिए गश्त करना भी मुश्किल हो गया है। पुलिस नियमित रूप से टार्च के सहारे गश्त दे रही है, लेकिन स्ट्रीट लाइटें बंद होने से मुश्किलें बढ़ना लाजमी है।
जिला में हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस सहमी हुई है। अब तक हुई चोरी की घटनाएं बिलासपुर शहर के बाहर की है। हां, हाउसिंग बोर्ड की कलौनी में जरूर ताले टूटे पर चोरी नहीं हुई। पूरे शहर की स्ट्रीट लाइटों बंद होने के कारण गश्त में भी दिक्कत है। घुप अंधेरे में कुछ दिख नहीं रहा। ऐसे में जवान कैसे गश्त कर पाएंगे? डीएसपी प्रोबेशनर एवं थाना प्रभारी सदर प्रमोद चौहान ने कहा कि अंधेरा होने के कारण गश्त करना मुश्किल है। बावजूद इसके गश्त जारी रखी गई है। उधर, शहर के श्याम लाल, देवेंद्र, अर्जुन और सुनील ने कहा कि बिजली गुल होने से उनकी दिक्कतें बढ़ गई है। रातों को घर से बाहर निकलना बंद हो गया है। अपनी संपत्ति की सुरक्षा बड़ी परेशानी बन गई है।
