जाली डिग्रियों पर पाई नौकरी

बंगाणा (ऊना)। जिले में एक शिक्षक और एक शिक्षिका की ओर से जाली डिग्रियों के आधार पर नौकरियां हासिल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिकायत के आधार पर इस मामले की जांच की। ब्यूरो की आरंभिक जांच में फर्जीवाड़े का यह सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने ब्यूरो के धर्मशाला स्थित एसपी विमल गुप्ता की ओर से इस संदर्भ में दी गई आरंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की बारीकी से छानबीन आरंभ कर दी गई है।
बंगाणा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला से एक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें पाया गया कि विनोद कुमार पुत्र लक्ष्मी चंद निवासी निचला जोल एवं सलीम पुत्री साद मोहम्मद ने जाली डिग्रियों के आधार पर नौकरी पाई। दोनों बतौर अध्यापक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में नौकरी कर रहे हैं। इस संदर्भ में काफी समय पूर्व एक व्यक्ति ने शिकायत की थी। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में विजिलेंस की मदद लेते हुए इसकी आरंभिक छानबीन करवाई थी। अब धर्मशाला से मिली आरंभिक जांच रिपोर्ट में दोनों की डिग्रियां फर्जी पाई गई हैं। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 465, 467, 471, 120बी के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ऊना के एसपी केसी शर्मा ने अध्यापक और अध्यापिका के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।

Related posts