एनओसी मिली नहीं टनल निर्माण शुरू

रामपुर बुशहर। ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधन ने पहले एनएच से बिना एनओसी लिए सड़क का निर्माण कर डाला। वहीं अब प्रोजेक्ट की टनल के लिए भी बिना एनओसी के ही काम शुरू कर दिया है। यह टनल एनएच के ठीक नीचे से बन रही है जिसके कारण कभी भी नेशनल हाइवे धंस सकता है। इधर, एनएच के अधिकारियों का कहना है कि उन्होेंने सड़क पर वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा रखी है। वहीं टनल निर्माण को रोकने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि ज्यूरी हाइड्रो प्रोजेक्ट पहले से ही चरचाओं में रहा। कभी लोगों को रोजगार न देने के चलते काम को बंद रखा। वहीं प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रख कर एनएच-22 को काट कर बिना एनओसी के सड़क का निर्माण कर दिया। वहीं अब एनएच-22 के करीब 20 मीटर नीचे से टनल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है जिससे कभी भी एनएच धंस सकता है। वहीं अवैध रूप से बनाई की सड़क और टनल से निकल रही मिट्टी को भी वन विभाग की जमीन में फेंका जा रहा है जो भारी बरसात के चलते लोगों की तबाही का कारण बन सकती है।
इधर, इस बारे में एनएच प्राधिकरण के एक्सईएन पासंग नेगी का कहना है कि अभी प्रोजेक्ट प्रबंधन को न तो सड़क निर्माण के लिए और न ही एनएच के नीचे से टनल निर्माण के लिए एनओसी दी गई है। उन्होंने कहा कि एनएच से उक्त सड़क पर रोक लगा दी गई है। जब तक एनएच से एनओसी नहीं मिलती प्रोजेक्ट प्रबंधन न तो एनएच से सड़क का निर्माण कर सकता है और न ही हाइवे के नीचे ने टनल का निर्माण। टनल निर्माण को रोकने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा।

Related posts