
भोजनगर (सोलन)। कसौली निर्वाचन क्षेत्र के विद्युत उपमंडल धर्मपुर और आस पास के क्षेत्र भोजनगर, काबा कलां, बोहली, चम्मों, गड़यार, नेरी कलां, बनासर, अन्हेच तड़ोल और गाईघाट आदि गांव में बिजली के अघोषित कटों से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली के कट लग रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के कट लगने से बैंक, टेलीफोन एक्सचेंज और पंचायतघरों में कामकाज ठप होने से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी धर्म सिंह, यशपाल, राम सिंह, सोम दत्त, तेजपाल, सुभाष चंद, रोशन लाल, नरेंद्र, रणजीत सिंह, अरूण कुमार और जीत राम आदि के अनुसार करीब 10 दिनों से बिजली की सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। दिन के समय कई बार कट लग रहे हैं और रात के समय भी कट लग रहे हैं। लगातार लगने वाले कटों से लोगों के कंप्यूटर, टीवी और बिजली से चलने वाले अन्य उपकरणों पर भी असर पड़ रहा है। लगातार लगने वाले कटों से स्कूल और कालेज में पढ़ने वाले छात्रों को भी परेशानी हो रही है। वहीं इस संबंध में बिजली बोर्ड के एसडीओ केडी शर्मा के अनुसार कभी-कभी लाइन की मरम्मत के लिए बिजली की सप्लाई को बंद किया जाता है। रविवार को लाइन पर पेड़ गिरने के कारण बिजली की सप्लाई बाधित रही जिसे ठीक कर दिया गया है।
