
नगवाईं (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर को दवाड़ा के समीप जलागी स्थान पर ऑल्टो कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। इससे कार चालक की मौके पर मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर के समय ओल्टो कार मंडी से कुल्लू की ओर जा रही थी। दवाड़ा के समीप जलागी स्थान पर कार पर पहाड़ी से पत्थर गिर गया। भारी भरकम पत्थर गिरने से कार चालक बैहना निवासी धर्म सिंह पुत्र कश्मीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तल्यार के डोम निवासी रूप सिंह पुत्र बालक राम, उसकी पत्नी भावना देवी व बेटा गौरव घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही औट थाना से एएसआई मोहर सिंह की अगुवाई में पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। मंडी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
