केंद्र में राजनेताओं का स्तर नहीं रहा : अनुराग

नयनादेवी (बिलासपुर)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा है कि देश में राजनीति का स्तर गिर गया है। राजनीति वोट बैंक तक सीमित हो गई है। केंद्र में राजनेताओं का स्तर नहीं रहा। राजनेता अपने स्वार्थ के लिए देश की सुरक्षा से भी समझौता कर रहे हैं। वह नयनादेवी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने श्री नयनादेवी मंदिर जाकर माथा टेका और देवी का आशीर्वाद लिया। अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा। मिशन 2014 के लिए 15 जुलाई से जन जागरण अभियान चलेगा। 23 से युवा मोर्चा का सदस्यता अभियान छेड़ा जाएगा।
अनुराग ने कहा कि जदयू ने मुस्लिम वोट बैंक के लिए गठबंधन को बलि चढ़ा दिया। भाजपा वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर गठबंधन का धर्म निभाने को सर्वोपरि मानती है। अपने स्वार्थ के लिए आतंकवादी को मिली फांसी की सजा का माफ करने की बात की जाती है। पड़ोसी देश हमारे वीर जवानों के सिर कलम कर ले जाते हैं। जब वहां के राजनेता आते हैं तो उनकी आवभगत पर करोड़ों खर्च किए जाते हैं। मिशन 2014 में युवाओं की भूमिका अहम रहेगी। हर वर्ग से जुडे़ युवाओं को युवा मोर्चा से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के महामंत्री एवं विधायक रणधीर शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा, भरत कुमार, सतपाल, अमित कुमार, नागेश गौतम, हिमांश भी उपस्थित थे।

फिक्सिंग रोकने को कड़े कानून की जरूरत
बिलासपुर। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में फिक्सिंग रोकने को कडे़ कानून की जरूरत है। दो महीने के बाद भी पुलिस कोई रिपोर्ट नहीं दे पाई। सट्टे बाजी हर क्षेत्र में होती है। इसे रोकने को कड़े कानून बनाने की जरूरत है। होटल पैवेलियन पर बिठाई जांच पर अनुराग ने कहा कि वह डरने वाले नहीं। कांग्रेस का काम खेलों का कत्ल करना है।

Related posts