
भराड़ी (बिलासपुर)। चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी में आए कुछ लोगों ने भराड़ी थानांतर्गत हलवाड़ी (लद्दा) गांव में एक व्यक्ति को धमकाना शुरू कर दिया। इस बीच उसके नौकरों के वहां आ जाने पर उक्त लोग भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मारपीट और लड़ाई झगड़ों की वारदातें कम नहीं हो रही। नौणी में पर्यटकों को दो रोज पहले ही पीटने का मामला सामने आया है। इससे पहले एक ट्रक ड्राइवर को भी पीट कर अस्पताल पहुंचाया गया। ताजा घटनाक्रम में कुछ पर्यटकों ने हलवाड़ी इलाके में एक व्यक्ति को धमकी दे डाली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हलवाड़ी निवासी बंशीराम ने भराड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई कि गत रविवार को वह अपने घर के आंगन में था। उसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक गाड़ी उसके घर से कुछ दूरी पर आकर रुकी। गाड़ी से उतरकर एक सिख पुरुष व दो महिलाएं उसके आंगन में पहुंचे। वे लोग उसके बेटे भूपिंद्र के बारे में पूछताछ करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने धमकियां देना शुरू कर दी। इसी बीच उसके नौकर वहां आए। उनके आते ही उक्त लोग भाग गए। बहरहाल, बंशीराम की शिकायत पर भराड़ी पुलिस ने आईपीसी की धारा 451, 504 व 506 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
