चाकू के हमले से घायल युवक शिमला रेफर

बिलासपुर। रघुनाथपुरा पंचायत के गरनाल गांव में चाकू के हमले में घायल हुए युवक को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। वहीं, आरोपी युवक फिलहाल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। उसे ढूंढने के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। उधर, इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। चाकू के हमले से जख्मी युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
रघुनाथपुरा के गरनाल गांव निवासी रूप सिंह व रामस्वरूप उर्फ कुंदन के बीच गत रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे जबली के पास कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। इसके चलते उनकी आपस में बोलचाल भी बंद है। आरोप है कि कहासुनी के दौरान रामस्वरूप उर्फ कुंदन ने रूप सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उसे बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रात को ही उसे शिमला आईजीएमसी रेफर कर दिया गया। सदर थाना प्रभारी डीएसपी प्रोबेशनर प्रमोद चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक को जल्द पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों को भेज दी गई है।

Related posts