बारिश का पानी घरों में, लोग सड़क पर

अंब/गगरेट (ऊना)। जिले में सोमवार की सुबह हुई भारी बारिश ने जहां जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया, वहीं सरकार की ओर से बरसात के पानी की ड्रेनेज और आपदा प्रबंधन पर अब तक किए जा रहे दावों की पोल भी खोल दी। गगरेट के लोहारली में भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुसने से गुस्साए लोगों ने चक्का जाम तक कर डाला। लोहारली में सोमवार सुबह लोगों का गुस्सा सड़कों पर तब नजर आया, जब लोहारली में बरसाती पानी घरों में घुस गया। इससे लोगाें को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बीच लोगों ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान करीब एक घंटे तक गगरेट ऊना मार्ग को लोगों ने पूरी तरह जाम कर दिया। इसे बाद में गगरेट के थाना प्रभारी विश्वास कालिया ने लोगों को समझा-बुझाकर खुलवाया।
उधर, अंब में भी भारी बारिश से लोगों को भारी क्षति हुई है। यहां बाजार में भरा पानी दुकानों के अंदर तक चला गया, जिससे कारोबारियों को भारी क्षति हुई है। कारोबारियों में रविंद्र कुमार, प्रदीप सिंह, वीरभद्र चौधरी, महेश ठाकुर, राजकुमार चौधरी, ठाकुर हरमेश सिंह, मनजोध सिंह व कमलदीप सिंह का कहना है कि अभी तक सरकार ने लोगों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं रखा है। हर बार भारी बरसात में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार इस संदर्भ में प्रशासन के माध्यम से सरकार को भी समस्या बताई गई, लेकिन न तो प्रशासन की नींद खुल रही है और न ही सरकारों ने कोई ध्यान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहे कोई भी हो, लोगों की सुध कोई नहीं ले रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अब भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया तो उन्हें ऊना और लोहारली के लोगों की तरह सड़कों पर उतर कर चक्का जाम करते हुए विरोध प्रदर्शन करने को विवश होना पड़ेगा।

Related posts