
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला की एक पेपर मिल में मशीन की चपेट में आने से एक कामगार की मौत हो गई है। पुलिस ने नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
पु्लिस के अनुसार बिहार राज्य के छपरा जिले के थाना अवतार नगर के तहत रहने वाले 20 वर्षीय संजीव कुमार बरोटीवाला स्थित एक पेपर मिल में तैनात था। करीब 15 दिन पहले ही वह अपने मित्र विपुल के साथ फैक्टरी में कार्य करने आया हुआ था। दोनों की बरोटीवाला में एक कमरे में रहते थे।
शनिवार को ड्यूटी पर तैनात संजीव कुमार को अचानक धक्का आने से मशीन की चपेट में गया। उसकी एक बाजू व आधा शरीर मशीन से दब गया। जख्मी हालत में उसे स्थानीय चिकित्सालय में उपचार कराया लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया था जहां पर पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतक का नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया तथा शव अंतिम संस्कार के लिए मृतक के दोस्त विपल को सुपुर्द कर दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया। एसपी अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने फैक्टरी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
