आधा दर्जन युवाओं ने धुना ट्रक ड्राइवर

बिलासपुर। जिला के बागी बनौला में एक ट्रक ड्राइवर को लगभग आधा दर्जन युवाओं ने बुरी तरह से पीट दिया। वह बुरी तरह से घायल हो गया है। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसका सीटी स्कैन होना है, किंतु चार दिन से उसका सीटी स्कैन नहीं हो रहा। इस वजह से पुलिस भी मारपीट करने वालों पर आगामी कदम नहीं उठा पा रही।
जानकारी के अनुसार चार दिन पहले देवली निवासी श्याम लाल बरमाणा की ओर आ रहा था। उसने बागी बनौना के पास अपना ट्रक ढाबे के सामने खाना खाने के लिए खड़ा किया। वहां एक अन्य कार थी। पार्किंग को लेकर कार में सवार युवाओं के साथ उसकी कहासुनी हुई। तैश में आकर युवाओं ने ट्रक ड्राइवर को बुरी तरह से पीट दिया। श्याम लाल के सिर में गंभीर चोट आई है। ड्राइवर को 108 एंबुलेंस में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दाखिल श्याम लाल ने बताया कि चार दिन से सीटी स्कैन नहीं हो रहा है। पुलिस भी आगामी कार्रवाई नहीं कर रही। श्याम लाल ने बताया कि वह कई बार अस्पताल प्रबंधन के चक्कर लगा चुका है। जवाब एक ही मिल रहा है कि सिटी स्कैन करने वाला चिकित्सक छुट्टी पर है। थाना प्रभारी सदर प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।

Related posts